तेजी से भारतीय टीम में जगह बनाने की तरफ बढ़ रहा है ये 17 वर्षीय बल्लेबाज
संजय सावर्ण, नई दिल्ली। इंडिया ए टीम में इस 17 वर्षीय प्रतिभावान बल्लेबाज का चुना जाना एक इत्तेफाक नहीं है बल्कि इस युवा खिलाड़ी ने अपने दमदार खेल के बूते ये स्थान हासिल किया है। हालांकि इस खिलाड़ी को यहां खुद को साबित करना होगा और तभी इसके लिए भारतीय टीम का दरवाजा खुल सकता है लेकिन जिस तेजी से ये युवा बल्लेबाज आगे बढ़ रहा है उससे तो यही जाहिर होता है कि ये खिलाड़ी जल्द ही टीम इंडिया का हिस्सा बन सकता है।
पृथ्वी शॉ के लिए कमाल का रहा है वर्ष 2017
17 वर्षीय युवा बल्लेबाज पृथ्वी शॉ के लिए ये साल अब तक शानदार रहा है। इस वर्ष उन्होंने एक से बढ़कर एक पारियां खेली और ना सिर्फ सबका ध्यान अपनी तरफ आकर्षित किया बल्कि इंडिया ए टीम में भी न्यूजीलैंड ए के खिलाफ जगह बनाने में सफल रहे। इस वर्ष जनवरी में मुंबई के लिए रणजी ट्रॉफी में खेलते हुए इस बल्लेबाज ने सेमीफाइनल मुकाबले में तमिलनाडु के खिलाफ अपने डेब्यू फर्स्ट क्लास मैच में शानदार शतक लगाया। अगस्त में इंग्लैंड टूर के लिए इस खिलाड़ी को इंडिया अंडर19 टीम का कप्तान बनाया गया। पिछले महीने पृथ्वी ने दुलीप ट्रॉफी में अपने डेब्यू मैच में इंडिया रेड के लिए खेलते हुए 154 रन की पारी खेली और अब उसे न्यूजीलैंड ए टीम के खिलाफ पहले तीन वनडे मैचों के लिए इंडिया ए टीम में मौका मिला है। जाहिर है इस खिलाड़ी को उनकी शानदार बल्लेबाजी की वजह से ये मौका मिला।
रवि शास्त्री हैं पृथ्वी के जबरदस्त प्रशंसक
टीम इंडिया के मौजूदा कोच रवि शास्त्री इस नन्हें बल्लेबाज की काबिलियत के जबरदस्त प्रशंसक हैं। रवि इस खिलाड़ी से तब मिले थे जब उसने इंटर स्कूल गेल में लगभग चार वर्ष पहले 546 रन की वर्ल्ड रिकॉर्ड पारी खेली थी। रवि ने उनसे कहा था कि हमेशा बिंदास अंदाज में बल्लेबाजी करो और अपना नैचुरल गेम खेलो।
पृथ्वी का क्रिकेट करियर
पृथ्वी शॉ का क्रिकेट करियर काफी छोटा है। अभी उन्हें सिर्फ तीन फर्स्ट क्लास मैच खेलने का अनुभव है और इन मैचों में उन्होंने 70.66 की औसत से कुल 424 रन बनाए हैं और इसमे दो शतक भी शामिल है। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 154 रन है। इसके अलावा चार लिस्ट ए मैचों में उन्होंने 21 की औसत से 50 रन बनाए हैं। इतने छोटे से करियर में इस खिलाड़ी ने सबको इतना प्रभावित किया कि उन्हें इंडिया ए टीम में खेलने का मौका मिल गया। अब इस खिलाड़ी के पास खुद को न्यूजीलैंड ए के खिलाफ साबित करने का शानदार मौका है और एक सच ये भी है कि ये खिलाड़ी जितना प्रतिभाशाली है उसे देखकर यही लगता है इसे ज्यादा दिनों तक रोककर नहीं रखा जा सकता है।
No comments:
Post a Comment